पाकिस्तान : घर में घुसकर की गई महिला पत्रकार की गोली मारकर हत्या

पाकिस्तान में बढ़ते अपराध की घटनाएं इमरान खान की सरकार पर सवालिया निशान खड़ी करती हैं। ऐसे में पाकिस्तान से एक खौफनाक घटना सामने आई हैं जिसमें एक महिला पत्रकार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शनिवार को शाहीना शाहीन बलोच नाम की पत्रकार हत्या कर दी गई जो कि सरकारी टीवी चैनल में एंकर और रिपोर्टर थीं। कुछ दिनों पहले ही उनका बलूचिस्तान के तुरबत में तबादला किया गया था। हत्या में पत्रकार के पति के भी शामिल होने का आरोप है।

शाहीन पहले इस्लामाबाद में एक निजी टीवी चैनल के लिए काम करतीं थीं। इसके बाद उनका चयन सरकारी टीवी चैनल में हो गया। इस्लामाबाद में कुछ महीने रहने के बाद शाहीन का तबादला बलूचिस्तान के तुरबत में हो गया। वे एक स्थानीय मैगजीन की संपादक भी थीं। 27 साल की शाहीन क्वेटा यूनिवर्सिटी से पीएचडी भी कर रहीं थीं।

शाहीन की हत्या उनके घर में घुसकर की गई। पुलिस के मुताबिक, दो हमलावर उनके घर पहुंचे। दरवाजा खोलते ही शाहीन पर गोलियां चलाईं। शाहीन को पांच गोलियां लगीं। पुलिस के मुताबिक, एक अज्ञात व्यक्ति शाहीन को कार में लेकर अस्पताल पहुंचा लेकिन, वो कुछ देर बाद गाड़ी वहीं छोड़कर फरार हो गया। पुलिस घटना की जांच कर रही है। शाहीन के परिवार ने कुछ लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज कराया है। इनमें शाहीन के पति का नाम भी शामिल है।

ऐसा माना जाता है कि उसके पति ने ही शाहीन को मार डाला, क्योंकि वह बलूचिस्तान में काफी मशहूर हो रही थी। 2018 की एक रिपोर्ट में यह अनुमान लगाया गया था कि बलूचिस्तान में सम्मान के नाम पर 30 महिलाओं सहित 50 लोग मारे गए थे। यह रिपोर्ट द ऑरात फाउंडेशन द्वारा जारी की गई थी। यह संगठन महिलाओं के अधिकारों के संरक्षण के लिए काम कर रही थी।