पाकिस्तान / फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए टिकटॉक स्टार ने बनाया पति की मौत का फेक वीडियो, किया वायरल

टिकटॉक पर फॉलोवर्स बढ़ाने के लिए पाकिस्तान में एक महिला ने अपने पति की मौत की झूठी खबर फैलाई। पति पहले से ही टिकटॉक स्टार है। पति का नाम आदिल राजपूत है। आदिल के टिकटॉक पर 26 लाख फॉलोअर्स हैं। सच्चाई सामने आने के बाद अब लोग महिला के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग कर रहे हैं।

क्या है मामला?

‘जियो न्यूज’ के मुताबिक, आदिल राजपूत रहीम यार खान के राशिदाबाद शहर में रहते हैं। यह पंजाब प्रांत में आता है। आदिल अपने वीडियोज की वजह से टिकटॉक पर मशहूर हो गए। इस प्लेटफॉर्म पर उनके करीब 26 लाख फॉलोअर्स हैं। मंगलवार सुबह आदिल के फैन्स के लिए एक बुरी खबर आई। उनकी पत्नी ने रोते हुए एक वीडियो जारी किया। इसमें बताया गया कि आदिल की कार एक्सीडेंट में मौत हो गई है। कुछ ही देर में आदिल के चाहने वाले यानी फैन्स और रिश्तेदार उनके घर के बाहर जमा हो गए। सोशल मीडिया के जरिए यह खबर आग की तरफ फैल गई। कुछ मस्जिदों से आदिल की मौत की खबर अनाउंस की गई।

मामला बढ़ता जा रहा था। इतने में आदिल कहीं से भीड़ के सामने पहुंचे। इसके बाद पूरा मामला खुल गया। लोग सच्चाई समझ गए। पता लगा कि आदिल की पत्नी ने पति के फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए यह नाटक रचा था। मीडिया रिपोर्ट्स में आदिल की पत्नी का नाम अलग-अलग बताया गया है। कुछ खबरों में उन्हें फराह राजपूत बताया गया है तो कुछ में हिना सलीम। अब लोग इस महिला के खिलाफ भावनाओं से खिलवाड़ करने के मामले में केस कर्ज करने की मांग कर रहे हैं।