ऐसा थोड़ा बहुत तो चलता ही रहता है... पहलगाम हमले पर महिला पर्यटक का विवादित बयान, सोशल मीडिया पर मचा हंगामा

कश्मीर के पहलगाम में हुआ टेरर अटैक (Pahalgam Terror Attack) इस साल के सबसे घातक आतंकी हमलों में से एक था, जिसमें 26 बेगुनाह लोगों की जान चली गई। इस हमले के बाद, कश्मीर घूमने आए कुछ पर्यटकों के वीडियो सोशल मीडिया, खासकर X (पूर्व में ट्विटर) पर वायरल हुए हैं, जो लोगों के बीच बहस का कारण बने। इन वीडियो में कुछ महिलाएं ऐसा कह रही हैं, जिसे सुनकर सोशल मीडिया यूजर्स ने जमकर आलोचना की और उनके खिलाफ गुस्से का इज़हार किया।

वायरल हो रहे एक वीडियो में, कश्मीर के किसी होटल में महिला पर्यटकों का ग्रुप नजर आ रहा है। वीडियो में एक महिला मुस्कुराते हुए कहती है, हम लोग यहां कश्मीर आए हुए हैं, बहुत मजे कर रहे हैं। कुछ थोड़ी सी गड़बड़ हो गई है यहां पहलगाम में, फिर भी कोई ऐसी बात नहीं है। आप भी आइए। इसके बाद, एक और महिला कहती है, ऐसा थोड़ा बहुत तो चलता ही रहता है। वहीं, अन्य महिलाएं सहमति में सिर हिलाती नजर आ रही हैं।

वीडियो में कुछ पर्यटक यह बताने की कोशिश कर रहे हैं कि वह हमले के एक दिन बाद भी कश्मीर की खूबसूरती का आनंद ले रहे हैं और इस स्थान के बारे में लोगों को बता रहे हैं। इन वीडियो को देखकर सोशल मीडिया यूजर्स भड़क गए और इन महिलाओं की टिप्पणियों को हमले को हल्के में लेने के रूप में देखा।

एक यूजर ने इस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, शर्म की बात है, यह उनकी परवरिश को दिखाता है। एक दूसरे यूजर ने कहा, कितने बेशर्म हैं, थोड़ी सी गड़बड़ और ऐसा तो चलता रहता है बोलते वक्त इनकी जुबां तक नहीं कांपी। एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, हे भगवान! ये क्या कह रही हैं।

यह घटना कश्मीर में बढ़ती अशांति और भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण रिश्तों के बीच हुई है। बैसारन घाटी में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने अपने पड़ोसी देश पाकिस्तान के खिलाफ कई कड़े फैसले लिए हैं, जिनमें सिंधु जल संधि को निलंबित करना और सीमा बंद करना शामिल है।