
बांग्लादेश के किशोरगंज जिले स्थित ऐतिहासिक पगला मस्जिद में शनिवार को एक अभूतपूर्व घटना घटी, जब मस्जिद में लगे दान पेटियों से 9.18 करोड़ टका एक ही दिन में इकट्ठा हुए। यह रकम अब तक इस मस्जिद को एक बार में मिले दान की सबसे बड़ी राशि है। इससे पहले, नवंबर 2024 में मस्जिद को 8.21 करोड़ टका दान प्राप्त हुआ था, जो उस समय का रिकॉर्ड था। पगला मस्जिद ने अब बांग्लादेश में सबसे अधिक दान प्राप्त करने का नया कीर्तिमान स्थापित किया है, जिसे श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास का प्रतीक माना जा रहा है। दान की गिनती दिनभर चली और अंत में प्राप्त रकम रूपाली बैंक की किशोरगंज शाखा में जमा कर दी गई। इसके अलावा, दान पेटियों से मिले विदेशी मुद्रा और सोने के आभूषण को जिला प्रशासन के खजाने में सुरक्षित रख लिया गया है। इस घटना ने पगला मस्जिद को बांग्लादेश में श्रद्धा और आस्था का एक महत्वपूर्ण केंद्र बना दिया है, ठीक वैसे ही जैसे भारत में तमिलनाडु के मंदिरों को दान मिलता है।
28 बोरी में आया पैसाकिशोरगंज जिले के पगला मस्जिद में हाल ही में हुए अभूतपूर्व दान की गिनती 10 घंटे तक चली। डिप्टी कमिश्नर फौजिया खान और पगला मस्जिद प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ने बताया कि दान की गिनती सुबह 7 बजे शुरू हुई और शाम 5 बजे तक पूरी हुई। इस गिनती प्रक्रिया में 401 लोग शामिल थे, और जब दान पेटियां खोली गईं, तो उसमें 28 बोरी पैसा निकला। इसके अलावा, बड़ी मात्रा में सोने के गहने और विदेशी मुद्राएं भी मिलीं।
इतने दान का क्या होगा?पगला मस्जिद, जो नदी के किनारे स्थित है, में नियमित रूप से बड़े पैमाने पर दान आता है। दान-पात्रों को आमतौर पर हर तीन से चार महीने में खोला जाता है। अधिकारियों के अनुसार, इस दान से सबसे पहले पगला मस्जिद और इस्लामिक कॉम्प्लेक्स का खर्चा उठाया जाता है। बाकी रकम को बैंक में जमा कर दिया जाता है, और इस फंड से जिले की अन्य मस्जिदों, मदरसों, अनाथालयों और वंचित तथा गंभीर रूप से बीमार लोगों की मदद की जाती है।