देश में आज मिले 42 नए ओमिक्रॉन मरीज, महाराष्ट्र में 100 के पार हुआ आंकड़ा

देश में आज नए ओमिक्रॉन वैरिएंट (Omicron Variant) के कुल 42 नए मामले मिले हैं, जिससे कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 404 पर पहुंच गई है। महाराष्ट्र में शुक्रवार को 20 नए मामले मिले हैं। इसके साथ ही राज्य में ओमिक्रॉन से संक्रमित कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 108 हो गई हैं. महाराष्ट्र के अलावा केरल में 8 लोग, गुजरात में 13 लोग और पश्चिम बंगाल में आयरलैंड से लौटा 27 साल का एक युवक ओमिक्रॉन पॉजिटिव मिले हैं।

महाराष्ट्र हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक, शुक्रवार को मिले नए मरीजों में से 11 मुंबई के हैं, जबकि 6 पुणे के रहने वाले हैं। इसके अलावा 2 मरीज सतारा जिले में और 1 अहमदनगर में मिला है। राज्य में शुक्रवार को कुल 1410 कोरोना मरीज मिले हैं, जिनमें 603 मामले मुंबई के हैं।

महाराष्ट्र सरकार ने दुबई से मुंबई लौटने वाले सभी लोगों को 7 दिन के लिए होम क्वारैंटाइन करने का आदेश दिया है। इसके अलावा शुक्रवार रात से राज्य में कोरोना की पाबंदियां भी लागू हो जाएंगी। इसके तहत एक जगह 5 से ज्यादा लोगों के जुटने पर रोक रहेगी। गुजरात के वडोदरा में 7, खेड़ा में 3, अहमदाबाद में 2 और आणंद में एक मरीज मिला है।