रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र नोएडा विधायक पंकज सिंह भी हुए कोरोना संक्रमित

कोरोना का कहर लगातार बढ़ रहा हैं और इसने कई नेतागण को भी अपने संक्रमण का शिकार बनाया हैं। उत्तर प्रदेश में लगातार बीजेपी नेताओं के कोरोना संक्रमित होने की खबरें आ रही हैं। बीते दिन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र नोएडा विधायक पंकज सिंह भी कोरोना से संक्रमित हो गए और इसकी जानकारी उन्होनें देर रात ट्वीट कर दी। यूपी सरकार में कई मंत्री कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें चेतन चौहान और कमल रानी वरुण का निधन हो चुका है। यूपी सरकार के जल शक्ति मंत्री डॉक्टर महेंद्र सिंह भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। खेल मंत्री उपेंद्र तिवारी भी कोरोना संक्रमित थे। उपेंद्र तिवारी से पहले राजेंद्र प्रताप सिंह, धर्म सिंह सैनी, स्वतंत्रदेव सिंह जैसे नाम शामिल हैं।

पंकज सिंह ने अपने ट्वीट में कहा कि कोरोना के शुरुआती लक्षण दिखने पर टेस्ट कराया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। डॉक्टर की सलाह पर अस्पताल में भर्ती हो गया हूं। जो भी लोग कुछ दिनों में मेरे संपर्क में आए हैं स्वयं को आइसोलेट करके जांच करवाएं।

संभावना जताई जा रही है कि प्रदेश उपाध्यक्ष बनने पर पंकज सिंह का डीएनडी पर जोरदार स्वागत हुआ था। साथ ही सेक्टर-26 स्थित कार्यालय पर सुबह से लेकर देर रात तक लोग बधाई देने आते रहे। लोगों से ज्यादा मिलना-जुलना हुआ, जिससे उन्हें कोराना हो गया है।

वहीं, जनपद में कोरोना पीड़ितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। मंगलवार को कुल संक्रमितों का आंकड़ा 8000 पार कर गया। 102 नए संक्रमित सामने आए। इससे मरीजों की संख्या बढ़कर 8058 हो गई है। राज्य सर्विलांस कार्यालय की रिपोर्ट के मुताबिक, 86 लोगों ने कोरोना को मात दी। कोरोना को अभी तक 6946 लोग हराकर घर जा चुके हैं। 1067 मरीज विभिन्न अस्पतालों में भर्ती और होम आईसोलेट हैं। वहीं, मृतकों की संख्या 45 है। स्वास्थ्य विभाग केअफसरों ने बताया कि कंटेनमेंट जोन में लगातार अभियान चलाकर जांच की जा रही है। भविष्य में भी यह जांच जारी रहेगी।