नोएडा : पतंग उड़ाते समय छत से गिरा 12 साल का बच्चा, उपचार के दौरान हुई मौत

नोएडा के थाना सेक्टर 39 क्षेत्र के छलेरा गांव में रहने वाला 12 वर्षीय एक बच्चा पतंग उड़ाते समय छत से नीचे गिर गया। गंभीर हालत में उपचार के लिए उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

थाना सेक्टर 39 के प्रभारी निरीक्षक आजाद सिंह तोमर ने गुरुवार को बताया कि छलेरा गांव में रहने वाला आयुष (12) पुत्र सुबोध कुमार अपने घर की छत पर पतंग उड़ा रहा था। उसी समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया।

थाना प्रभारी ने बताया कि गंभीर हालत में बालक को उपचार के लिए नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बीती रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रभारी निरीक्षक के अनुसार एक अन्य घटना में छलेरा गांव में ही रहने वाले अजय कुमार चौधरी (70 वर्ष) नामक व्यक्ति की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।

(भाषा)