पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के पीछे कौन है जिम्मेदार?, नितिन गडकरी ने बताया

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आज शनिवार 26 मार्च को 80-80 पैसे की बढ़ोतरी की गई है। पिछले पांच दिनों में ये चौथी बार है जब तेल की कीमतों में इजाफा किया गया है। पैसे पैसे करके इस हफ्ते पेट्रोल-डीजल के भाव 3.20 रुपए प्रति लीटर बढ़ गए हैं। ईंधन की कीमतों में हुई बढ़ोतरी को सही ठहराते हुए सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतें बढ़ गई हैं। यह स्थिति भारत सरकार के नियंत्रण से बाहर है।

एबीपी नेटवर्क’ के सम्मेलन ‘आइडियाज ऑफ इंडिया’ में ‘न्यू इंडिया, न्यू मेनिफेस्टो-सबका साथ, सबका विकास’ सत्र में बोलते हुए नितिन गडकरी ने कहा कि भारत में 80 प्रतिशत तेल आयात किया जाता है। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतें बढ़ गई हैं और हम इसके बारे में कुछ नहीं कर सकते हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हम 2004 से भारत को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दे रहे हैं, जिसके साथ हमें स्वदेशी ऊर्जा उत्पादन क्षमताओं को विकसित करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए अपना खुद का ईंधन बनाने की जरूरत है।’

शहर का नाम - पेट्रोल - डीजल

दिल्ली - 98.61 - 89.87
मुंबई - 113.35 - 97.55
कोलकाता - 108.02 - 93.01
चेन्नई - 104.43 - 94.47

यूक्रेन पर रूसी हमले के बाद से ही कच्चे तेल के बाजार में उतार-चढ़ाव जारी है। मार्च के दूसरे हफ्ते में कच्चा तेल 139 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया था। हालांकि, बीच में गिरावट के साथ फिर 100 डॉलर से भी नीचे चला गया था। वहीं, अब फिर ब्रेंट क्रूड के भाव में मामूली उछाल देखा जा रहा है।