दिल्ली में रात के तापमान में गिरावट, नोएडा में प्रदूषण बढ़ा, हल्की बारिश की सम्भावना, होगी ठंड की शुरूआत

नई दिल्ली। तापमान में गिरावट के साथ मौसम में ठंडापन आने लगा है। रात और सुबह-शाम के तापमान में और दिन के तापमान में साफ अंतर भी दिख रहा है। इसके साथ ही दिल्ली-एनसीआर में कई जगह प्रदूषण का लेवल भी बढ़ गया है। रविवार को नोएडा में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) काफी गिर गया और वह ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया। इससे विजिबिलिटी भी काफी कम रही है। दिल्ली समेत आसपास हल्की बारिश की भी संभावना है। इससे तापमान में और गिरावट आ सकती है।

शनिवार को राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री रहा। यह सामान्य से तीन डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री हो गया। यह सामान्य से एक डिग्री अधिक है। हवा में नमी का लेवल 44 से 93 प्रतिशत तक रहा।

राजधानी दिल्ली में मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं, शनिवार सुबह आकाश साफ रहा। दोपहर में तेज धूप खिलने के कारण सामान्य तापमान से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। इस वजह से हल्की गर्मी महसूस की गई। वहीं गुरुग्राम को छोड़कर एनसीआर में सभी जगहों पर हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में बरकरार रही है।

हवा की गुणवत्ता में लगातार कमी

सीपीसीबी द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली का एयर इंडेक्स 257 दर्ज किया गया जो खराब श्रेणी में है। एक दिन पहले दिल्ली का एयर इंडेक्स 256 था। 11 अक्टूबर को दिल्ली का एयर इंडेक्स मध्यम श्रेणी में 193 था। वहीं, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार रविवार को हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में निचले स्तर पर रह सकती है। इसके बाद दो दिन सोमवार और मंगलवार को हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रह सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार, सोमवार और मंगलवार ये तीन दिन दिल्ली में हल्की वर्षा होने की संभावना है। इससे अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। साथ ही एयर इंडक्स में भी कमी आएगी। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं वर्षा होने पर सोमवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच सकता है। मंगलवार के बाद आकाश साफ होने की उम्मीद है। इसके बाद ठंड बढ़ सकती है।