नाइजीरिया: मुस्लिम चरवाहों और ईसाई किसानों के बीच आपसी संघर्ष,160 मरे, 300 घायल

नई दिल्ली। ऐसा लगता है नाइजीरिया इन दिनों गृह युद्ध से पीड़ित है। नाइजीरिया से कबीलों के आपसी युद्ध के समाचार आते रहते हैं। हाल ही में ऐसा ही एक मामला रविवार की रात को सामने आया है। नाइजीरिया में रविवार की रात को एक भीषण हमले का मामला सामने आया था जिसकी जानकारी नाइजीरिया की सेना ने दी थी। यह हमला नाइजीरिया के प्लाटोह राज्य के मुशु गांव में हुआ था और नाइजीरिया की सेना के अनुसार इसमें 16 लोगों की मौत हो गई थी। लेकिन अब आई जानकारी के अनुसार हमलों का सिलसिला शनिवार से ही शुरू हो गया था और यह सोमवार तक मुशु और आसपास के कुछ और गांवों में भी हथियारधारी गैंग्स ने सिलसिलेवार हमले किए।

160 लोगों की मौत और 300 घायल

लोकल सरकार की तरफ से हाल ही में इस बात की जानकारी दी गई है कि नाइजीरिया के इन गांवों में हुए हमलों में 160 लोगों की मौत हो गई है। साथ ही 300 लोग इन हमलों में घायल हो गए हैं। घायलों को आसपास के इलाकों के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

सोची समझी साजिश

नाइजीरिया की सेना और लोकल सरकार के अनुसार गांवों में हुए इन हमलों की वजह अभी साफ नहीं हुई है। इन गांवों में चरवाहों और किसानों के बीच लंबे समय से संघर्ष चल रहा है। मुस्लिम चरवाहों और ईसाई किसानों के बीच लंबे समय से चल रहे संघर्ष की वजह से अक्सर ही दोनों पक्षों के लोग मारे जाते हैं। ऐसे में इस हमले को ईसाईयों के सबसे बड़े त्यौहार क्रिसमस से पहले और इस दौरान होना एक संयोग नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश बताया जा रहा है।