हिमाचल : काल बन रही भारी बारिश, ब्रह्म गंगा नदी की बाढ़ में बही एक महिला और बच्चा

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में भारी बारिश काल बन रही है जिसकी वजह से मणिकर्ण घाटी की ब्रह्म गंगा नदी में बाढ़ आई और बुधवार सुबह करीब 6:15 बजे इस बाढ़ में एक महिला और उसका बच्चा बह गया है। बारिश का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिला आपदा प्रबंधन की टीम को भी सतर्क रखा गया है।

ब्रह्मगंगा नदी में सुबह के समय में आई बाढ़ से अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे। छोटी सी इस नदी ने बारिश के चलते विकराल रूप धारण कर लिया। इसके साथ ही पानी कई घरों में भी घुस गया। स्थानीय वार्ड पंच उमा देवी ने कहा कि बाढ़ में बच्चा व महिला बह गए हैं। उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने कहा कि भारी बारिश की आशंका के चलते लोगों को नदी नालों से दूर रहने को कहा गया है।