पंजाब : फंदे से झूली नवविवाहिता, खुदकुशी या साजिश स्थिति अभी तक साफ नहीं

बुधवार को पंजाब के मोहाली में नवविवाहिता के फंदे पर झूलने का मामला सामने आया जिसमें खुदकुशी या साजिश की स्थिति अभी तक साफ नहीं हो पाई हैं। फेज-11 में पति के साथ किराए के मकान में रह रही एक नवविवाहिता ने बुधवार को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस महिला की महीना पहले ही शादी हुई थी। मृतका की पहचान प्रियंका राणा निवासी कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल-6 की मॉर्चरी में रखवा दिया है। इसके साथ ही मृतका के परिजनों को सूचित कर दिया है। महिला के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।

जानकारी के मुताबिक प्रियंका और उसका पति फेज-11 में किराए के मकान में रहते थे। प्रियंका का पति बुधवार सुबह अपनी ड्यूटी पर गया था। जब वह शाम को घर पहुंचा तो अंदर से दरवाजा बंद था। उसने काफी देर तक दरवाजा खोलने का प्रयास किया लेकिन इसमें सफलता नहीं मिल पाई। इसके बाद उसने पड़ोसियों को बुलाया और इसके बाद पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने घर का दरवाजा तोड़ा और अंदर देखा महिला फंदे से लटक रही थी। इसके बाद पुलिस ने शव नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल फेज-6 की मॉर्चरी में रखवा दिया। महिला के पति ने पुलिस को बताया था कि उसकी एक महीना पहले ही शादी हुई थी। वह कुछ दिन पहले ही पत्नी को लेकर यहां आया था। हालांकि पुलिस का कहना है कि महिला के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और उनके यहां आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।