कोरोना बनता जा रहा बड़ी आफत, डेल्टा के बाद अब दुनिया के 29 देशों में मिला नया वैरिएंट 'लैम्बडा'

कोरोना का कहर लगातार जारी हैं जिसका असर जरूर कम हुआ लेकिन समाप्त नहीं। इसी के साथ लगातार मिल रहे कोरोना के वैरिएंट चिंता का कारण बनते जा रहे हैं। डेल्टा वैरिएंट ने काफी तबाही मचाई हैं जिसकी वजह से लाखों लोग की मौत हो गई है। इसके बाद अब दुनिया के 29 देशों में कोरोना का नया वैरिएंट 'लैम्बडा' मिला हैं जिसका खुलासा विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने किया हैं। संगठन का कहना है कि लैम्ब्डा को समझने के लिए और शोध की जरूरत है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने बताया कि विशेष तौर पर कोविड का नया वैरिएंट दक्षिण अमेरिका में मिला है, यहां इसकी उत्पत्ति मानी जा रही है।

साप्ताहिक अपडेट के तौर पर विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा कि कोरोना का ये नया वैरिएंट पेरू में पाया गया, लैम्ब्डा को दक्षिण अमेरिका में उन्नत प्रसार के कारण वैश्विक रूचि के रूप में वर्गीकृत किया गया है। पेरू के अधिकारियों ने जानकारी दी कि अप्रैल 2021 से लेकर अबतक 81 फीसदी संक्रमित मामलों में यही वैरिएंट पाया गया है। वहीं चिले में पिछले 60 दिनों में दर्ज किए गए मामलों के 32 फीसदी केसों में कोविड-19 का नया वैरिएंट पाया गया। इसके अलावा अर्जेंटीना और इक्वाडोर में भी कोरोना के नए वैरिएंट के कई मामले मिले हैं।

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने जानकारी दी कि लैम्ब्डा वंश में उत्परिवर्तन होता है, जो संक्रमण क्षमता को बढ़ा सकता है या एंटीबॉडी के लिए वायरस के प्रतिरोध को मजबूत कर सकता है। हालांकि विश्व स्वास्थ्य संगठन का कहना है कि इस बात के सबूत काफी सीमित हैं।