लाल किले में घुसे प्रदर्शनकारी, फहराया खालसा का झंडा

दिल्ली में किसानों के ट्रैक्टर मार्च में बवाल जारी है। किसान बैरिकेड तोड़कर लाल किले पर पहुंच गए और खालसा पंथ का झंडा फहरा दिया। दिल्‍ली की सड़कों पर हजारों की संख्‍या में मौजूद प्रदर्शनकारी किसानों की पुलिस से झड़पें हो रही हैं। ITO पर पुलिस ने किसानों पर लाठीचार्ज कर दिया तो किसानों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। झड़प में कई किसान और पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। किसानों ने ट्रैक्टर दौड़ा दिए, तो पुलिस को पीछे हटना पड़ा। पुलिसकर्मी भागकर आस-पास की इमारतों में घुस गए और वहां से किसानों पर आंसू गैस छोड़ी।

लाल किले पर पहुंचे किसानों को पुलिस समझाकर वहां से जाने की अपील कर रही है। किसान लगातार लालकिले के बाहर डटे हैं। इससे पहले लालकिले के पास ही आईटीओ चौक पर किसानों को रोकने के लिए पुलिस ने कोशिशें कीं। लेकिन किसान लाल किला जाने पर अड़े रहे। आईटीओ पर पुलिस और किसानों के बीच झड़पें हो रही हैं।

किसानों ने भी पुलिस पर पथराव कर दिया और गाड़ियों में तोड़फोड़ की। पुलिस का दावा है कि किसानों ने पांडव नगर पुलिस पिकेट पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की। पुलिस ने यह भी कहा कि निहंगों ने तलवार से पुलिसकर्मियों पर हमले की कोशिश की।