उत्तरप्रदेश : भारत-नेपाल बॉर्डर पर नेपाली जवानों ने अपने ही नागरिक पर चलाई गोली, हुई मौत

उत्तर प्रदेश में महाराजगंज स्थित भारत-नेपाल बॉर्डर पर तनाव का माहौल पैदा हो गया क्योंकि आज बुधवार को बॉर्डर पर नेपाली जवानों ने अपने ही नागरिक पर गोली चला दी जिससे उसकी मौत हो गई। युवक पिता को दवाई दिलाकर वापस नेपाल लौट रहा था। तभी नो-मेंस लैंड के लाइन-एक पोस्ट के पास से नेपाली जवानों की तरफ से गोलीबारी की घटना हुई। महाराजगंज के सीओ निचलौल डीके उपाध्याय ने बताया कि नेपाली युवक की गोली लगने से मौत की सूचना मिली है। इस बारे में नेपाल के अधिकारियों से बातचीत की जा रही है।
मामला बुधवार की सुबह नौ बजे का है। पुलिस के मुताबिक, नेपाल के रहने वाले अविनाश राजभर यहां भारतीय इलाके में पड़ने वाले बहुआर बाजार से अपने पिता को दवा दिलाकर खेतों से वापस अपने देश लौट रहा थे। इस बीच, नेपाली जवानों ने तीन राउंड फायरिंग करके उसे रोकने की कोशिश की। युवक डर गया और भागने लगा। इसी बीच जवानों ने उसे गोली मार दी। स्थानीय लोग उसे अस्पताल ले गए, जहां उसने दम तोड़ दिया। एहतियातन बॉर्डर पर पुलिस को अलर्ट किया गया है। नेपाल की तरफ से बड़ी संख्या में लोग भारतीय इलाकों में आकर इलाज कराते हैं। यहीं से सामान लेकर जाते हैं। ऐसे में नेपाली जवानों की तरफ से हुई फायरिंग से स्थानीय लोग गुस्से में हैं। लोगों की भीड़ जुटते ही नेपाली जवान भाग खड़े हुए।