टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड दिलाने वाले नीरज चोपड़ा का जेवलिन हो रहा नीलाम, 7 अक्टूबर तक जारी रहेगी बोली

टोक्यो ओलंपिक में नीरज चोपड़ा ने जेवलिन में भारत को गोल्ड दिलाया था जो कि एथलेटिक्स में पहला गोल्ड मेडल था। अब नीरज चोपड़ा का जेवलिन नीलाम किया जा रहा हैं जिसके लिए 7 अक्टूबर तक बोली लगाई जा सकती हैं। इस नीलामी से मिलने वाले राशि को नमामि गंगे योजना में दिया जाएगा। स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) की वेबसाइट पर ऑनलाइन बोली लगाई जा सकती है। SAI की ओर से जेवलिन की नीलामी का एक वीडियो जारी किया गया है। जिसे नीरज चोपड़ा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया है।

जापान के टोक्यो में हुए ओलिंपिक में मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों ने अपने-अपने स्पोर्ट्स गियर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेंट किए थे। कार्यक्रम के दौरान ही प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों के स्पोर्ट्स गियर लेकर उन्हें ऑक्शन के लिए रखने की बात कही थी। अब स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने टोक्यो ओलिंपिक के फील्ड एंड ट्रैक इवेंट्स में देश के पहला गोल्ड मेडल जीतने वाले पानीपत के नीरज चोपड़ा के जेवलिन को भी नीलामी के लिए रखा है। नीरज चोपड़ा ने अपने दूसरे प्रयास में सबसे अधिक दूरी का थ्रो किया था। इस जेवलिन को ई-ऑक्शन के जरिए अपना बनाया जा सकता है।