संसद के बाहर प्रोटेस्ट करने वाली नीलम की है राजनीति में रुचि, कर रही हैं हरियाणा सिविल सर्विस की तैयारी

हिसार। संसद हमले की 22वीं बरसी के दिन लोकसभा में बुधवार को घुसपैठ हुई। इस दौरान संसद के बाहर से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन दो लोगों में एक महिला और दूसरा पुरुष है। महिला की पहचान हरियाणा के हिसार की नीलम के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, महिला ने संसद के बाहर हंगामा किया था। महिला की पहचान नीलम पुत्री कौर सिंह निवासी रेड स्क्वेयर मार्केट, हिसार के रूप में हुई है। महिला 42 साल की है। हिसार के रेड स्क्वायर मार्केट के पीछे स्थित पीजी में नीलम रहती है। यहां पर पीजी में रहकर हरियाणा सिविल सर्विस तैयारी कर रही है। बताया जा रहा है कि 25 नवंबर को पीजी से घर जाने की कहकर नीलम यहां से गई। नीलम मूल रूप से जींद जिले के घसो खुर्द की रहने वाली हैं। पीजी में रहने वाली छात्रा ने बताया कि नीलम राजनीति में बहुत रुचि रखती थी।

संसद के अंदर और बाहर दोनों तरफ एक ही घटनाक्रम हुआ। जिस तरह से संसद के अंदर स्प्रे के जरिये धुआँ छोड़ा गया, उसी तरह से संसद के बाहर भी नीलम और उसके साथी ने स्प्रे के जरिये धुआँ छोड़ा था। यह स्प्रे पीले रंग का था। फिलहाल, दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।