बिहार : पान की पीक थूकना बना जानलेवा, युवक ने घर में घुसकर मार दी गोली

बिहार के सीवान में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया हैं जहां पान की पीक थूकना जानलेवा साबित हुआ। यहां एक कपड़ा व्यापारी को घर में घुसकर सिर्फ इसलिए गोली मार दी गई क्योंकि उसने खिड़की से पीक थूकी जो नीचे खड़े युवक पर गिरी। घटना रविवार की देर रात सराय ओपी थाना इलाके के पुरानी किला पोखरा की है। कपड़ा व्यापारी की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। सराय ओपी थानाध्यक्ष तनवीर आलम ने बताया कि पुराना किला पुखरा के निवासी 18 वर्षीय आरोपी गोलू मियां पिता जावेद मियां को गिरफ्तार कर लिया है। उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के शामली जिले के शाहगाजीपुरा में रहने वाले नवाब हसन के बेटे एहसान मलिक के रूप में हुई है। एहसान सीवान में एक किराए के मकान में अपने अन्य साथियों के साथ रहता था। वह फेरी लगाकर कपड़े बेचता था। एहसान रविवार रात को अपने कमरे में खाना बना रहा था। उस समय वह मुंह में पान भी चबा रहा था। इसी दौरान उसने खिड़की से पान थूक दिया। थूक का एक छींटा नीचे खड़े युवक पर गिर गया। इतनी सी बात पर युवक बौखलाता हुआ एहसान के कमरे में आया और गाली-गलौज करने लगा। एहसान ने विरोध किया तो उसने गोली मार दी। एहसान के साथी उसे अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।