शनिवार शाम नोखा तहसील के गांव चरकड़ा में तब सनसनी फैल गई जब अकेली रह रही करीब 73 साल की बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी गई। प्रथम दृष्ट्या माना जा रहा है कि यह हत्या धन और लूट के लिए नहीं हुई है। दरअसल, महिला के पास कोई खास धन नहीं था। यह महिला करीब 73 साल की है और अपने गांव से दो किलोमीटर आगे एक ढाणी में अकेली रहती थी। महिला का परिवार चरकड़ा में ही रहता था। उसके बेटे का कहना है कि चार-पांच हजार रुपए भी बमुश्किल ढाणी में होंगे। वृद्धा के साथ किसी ने झगड़ा किया है और फिर उसके सिर में वहीं रखे किसी सामान से वार कर दिया है। उसके सिर से काफी खून बहा है।
मृतका के शरीर पर चोटों के निशान बताए जा रहे हैं। सिर पर धारदार हथियार से हमला किया गया है। मृतका का नाम चंद्रकंवर है। उसका बेटा टीकम सिंह दाेपहर करीब साढ़े तीन बजे मां से मिलने ढाणी पर गया था। जहां मां का शव पड़ा देखकर हतप्रभ रह गया। उसने पहले परिजनों को सूचना दी और बाद में पुलिस को इस घटना के बारे में जानकारी दी। नोखा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र को अपने नियंत्रण में लिया। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को बुलाया गया।