छत्तीसगढ़ : घर से एक किलोमीटर दूर झाड़ियों में खून से लथपथ मिला 10वीं के स्टूडेंट का शव, धारदार हथियार से हमला

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया हैं जहां घर से एक किलोमीटर दूर झाड़ियों में 10वीं के स्टूडेंट का शव खून से लथपथ मिला हैं। युवक की हत्या धारदार हथियार से की गई हैं। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामला जयनगर थानांतर्गत लटोरी चौकी के बृजनगर गांव का है। हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों की खोजबीन के लिए फॉरेंसिक की टीम और डॉग स्क्वायड की भी मदद ली, लेकिन आरोपियों का कोई सुराग हासिल नहीं हो सका। लटेरी चौकी प्रभारी सुनील सिंह ने बताया कि परिजनों ने अभी किसी पर शक जाहिर नहीं किया है। हत्यारों की खोजबीन के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही इस मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक, बृजनगर निवासी रितिक राजवाड़े (15) पिता राजेंद्र प्रसाद राजवाड़े कक्षा 10वीं का छात्र था। वह यूवी संस्कार स्कूल में पढ़ाई करता था। शुक्रवार रात वह रोज की तरह पढ़ाई कर रहा था। रात करीब 11 बजे उसे पढ़ाई करता छोड़ परिजन सोने के लिए चले गए। इसी दौरान अचानक वह लापता हो गया। सुबह करीब 3 बजे जब परिजनों की आंख खुली तो रितिक के कमरे का दरवाजा खुला देख अंदर गए, जहां रितिक नहीं था। इस पर परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दी। खोजबीन में घर से करीब 1 किमी दूर उसकी खून से लथपथ लाश झाड़ियों के बीच मिली है। परिजनों को रितिक के गले और माथे पर किसी धारदार हथियार से हमला करने के निशान मिले हैं।