IPL 2021 : आज होने जा रही दिल्ली और मुंबई की जंग, जानें किसका पलड़ा हैं भारी

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 13वां मैच आज चेन्नई के चेपक स्टेडियम में मुंबई इंडियंस (MI) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच खेला जाना हैं। दोनों टीमें इस सीजन में अपना पिछला मैच जीत चुकी हैं। दिल्ली की टीम वानखेडे स्टेडियम में पंजाब किंग्स को छह विकेट से हराने के बाद इस मैच में खेलेगी जबकि मुंबई ने छोटे लक्ष्यों का बचाव करते हुए लगातार जीत दर्ज की है। लेकिन दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ ऐसा नहीं होने वाला है, उसे इस मुकाबले में हर विभाग में सर्वश्रेष्ठ करना होगा। मुंबई इंडियंस की मजबूत टीम को अगर लगातार तीसरी जीत हासिल करनी है तो उसे दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपने मध्यक्रम की दिक्कतों को दूर करना होगा। मौजूदा सीजन में दोनों टीम के बीच यह पहली टक्कर है। अब तक मुंबई और दिल्ली ने 3-3 मैच खेले हैं। इसमें दोनों ही टीम ने 2-2 जीते और 1-1 हारे हैं। हालांकि, पॉइंट टेबल में अच्छे नेट रनरेट के चलते दिल्ली तीसरे और मुंबई चौथे नंबर पर है।

ओपनिंग में दिल्ली की टीम हावी

बैटिंग में दिल्ली की टीम मौजूदा सीजन में सबसे अच्छी रही है। उसके ओपनर शिखर धवन के पास ऑरेंज कैप है, जिन्होंने अब तक 186 रन बनाए हैं। उनका साथ देने वाले पृथ्वी शॉ भी शानदार फॉर्म में हैं। वहीं, मुंबई टीम के ओपनर रोहित शर्मा और क्विंटन डिकॉक अब भी रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं। मुंबई का कोई बल्लेबाज 100 का आंकड़ा नहीं छू सका है।

मिडिल ऑर्डर में मुंबई मजबूत

दिल्ली के मुकाबले मुंबई का मिडिल ऑर्डर ज्यादा मजबूत है। दिल्ली टीम में तीसरे नंबर पर कप्तान पंत आते हैं। उनके बाद ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस, क्रिस वोक्स और ललित यादव का नंबर आता है। जबकि मुंबई टीम में नंबर-3 पर सूर्यकुमार आते हैं। उनके बाद ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, कीरोन पोलार्ड और क्रुणाल पंड्या का नंबर आता है।

टॉप-5 बॉलर्स में मुंबई के 2 और दिल्ली का 1

इस सीजन के टॉप-5 विकेट टेकर्स में मुंबई के 2 और दिल्ली के 1 बॉलर हैं। MI के स्पिनर राहुल चाहर 7 विकेट के साथ दूसरे और तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट 6 विकेट के साथ चौथे नंबर पर काबिज हैं। दिल्ली के फास्ट बॉलर आवेश खान ने भी 6 विकेट लिए, लेकिन अच्छे औसत के कारण तीसरे नंबर पर हैं। फिलहाल, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के हर्षल पटेल 9 विकेट के साथ टॉप पर हैं।