IPL 2020 : मुंबई इंडियंस की पांचवी लेकिन रोहित शर्मा की यह छठी ट्रॉफी, जानें कैसे

आईपीएल के 13वें सीजन के फाइनल में मुंबई इंडियंस (MI) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) पर जीत दर्ज कर अपने नाम पांचवी ट्रॉफी की हैं। कप्तान रोहित की 51 गेंदों पर 68 रन की पारी ने मुंबई को 18.4 ओवरों में जीत दिलाने का काम किया। इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन में भी मुंबई इंडियंस की बादशाहत जारी रही रही। दिल्ली कैपिटल्स पहली बार फाइनल में पहुंच इस मौके का फायदा नहीं उठा पाई।

मुंबई पहली बार 2013 में चैंपियन बनी थी, इसके बाद उसने 2015, 2017 और 2019 में भी खिताब जीता। इस तरह से यह पहला अवसर है जब वह अपना खिताब बचाने में सफल रही, इससे पहले केवल चेन्नई सुपरकिंग्स (2010 और 2011) ही ऐसा कर पाई थी।

मुंबई दो बार चैंपियंस लीग भी जीत चुकी है। दिलचस्प है कि यह सारे खिताब भारतीय टीम के उपकप्तान रोहित शर्मा की अगुवाई में ही मिले। फैंस को जानकर खुशी होगी कि हिटमैन आईपीएल के सबसे सफल कप्तान हैं, बतौर कप्तान और बतौर खिलाड़ी अब तक एक बार भी फाइनल नहीं हारा।

मुंबई इंडियंस ने भले ही पांच बार खिताब जीता हो, लेकिन रोहित शर्मा सर्वाधिक छह बार आईपीएल की ट्रॉफी उठाने वाले खिलाड़ी हैं। दरअसल, रोहित ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत डेक्कन चार्जर्स से की थी और वह 2009 में दक्षिण अफ्रीकी सरजमीं पर चैंपियन बनने वाली डेक्कन के टीम में थे।

मुंबई के अलावा चेन्नई सुपरकिंग्स ने धोनी की कप्तानी में साल 2010, 2011 और 2018 का खिताब अपने नाम किया। कोलकाता नाइटराइडर्स ने दो तो सनराइजर्स हैदराबाद, डेक्कन चार्जर्स और राजस्थान रॉयल्स ने 1-1 बार IPL ट्रॉफी जीती है।