मुंबई : परेल इलाके में हिंदमाता सिनेमा के पास क्रिस्टल टॉवर में भीषण आग, 4 की मौत, 16 घायल

मुंबई के परेल में हिंदमाता सिनेमा के पास क्रिस्टल टावर में आग लग गई है। दमकल विभाग की गाड़िया आग बुझाने में जुटी हैं। मौके पर दमकल की दस गाड़ियां पहुंच चुकी हैं। क्रिस्टल टावर में लगी आग लगातार बढ़ती जा रही है। आग 12वीं मंजिल पर लगी है। क्रेन की सहायता से बिल्डिंग मेंं फंसे लोगों को बचाया जा रहा है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है। आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। अंदर फंसे लोगों को बचाने के लिए क्रेनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। आशंका है कि कई लोग अंदर फंसे हैं।

केईएम अस्पताल के डीन डॉ. अविनाश एन सुपे ने बताया, 'बिल्डिंग से निकाले गए 20 लोगों को केईएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिनमें से 4 की मौत हो गई है। मृतकों में एक बुजुर्ग महिला और 3 पुरुष शामिल हैं। साथ ही 16 लोगों की हालत अभी स्थिर बनी हुई है। इन 16 लोगों में 10 पुरुष और 6 महिलाएं हैं।' आग लगने के कारणों का पता अभी नहीं चल सका है। आग लगने की सूचना फौरन दमकल विभाग को दी गई। जानकारी मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, अंदर कई लोग फंसे हैं, जिन्हें निकालने का काम जारी है। बीते दिनों मुंबई के चेंबूर में भारत पेट्रोलियम BPCL) की एक रिफाइनरी के ब्व्यालर में विस्फोट के बाद आग लगने से कम से कम 43 लोग जख्मी हो गए थे। जोन-4 के पुलिस उपायुक्त शाहाजी उमाप ने बताया कि हादसे में 43 लोग जख्मी हुए हैं। उन्होंने बताया कि बीपीसीएल के प्राथमिक उपचार केंद्र में प्राथमिक चिकित्सा के बाद 22 लोगों को घर भेज दिया गया, जबकि अन्य 21 को चेंबूर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
बता दें जून के महीने में आरटीआई से मिली जानकारी के अनुसार बीते 6 साल में आग की 29,140 घटनाएं रिकॉर्ड की गई हैं। इनमें मरने वालों की संख्या का आंकड़ा करीब 300 बताया गया है। महाराष्ट्र अग्नि प्रतिबंधक व जीवरक्षक उपाय योजना अधिनियम 2006 के तहत, नियमों का पालन कराने की जिम्मेदारी मुंबई फायर ब्रिगेड की है। लेकिन बीते 6 सालों में ये घटनआें लगातार बढ़ती जा रही हैं। इससे साफ पता चलता है कि नियमों का पालन ठीक से नहीं हो रहा है।