मुंबई: ठाणे में पेड़ से लटकी मिली महिला समेत तीन बच्चों की लाश, पिछले डेढ़ महीने से थे लापता

मुंबई के नजदीक ठाणे जिले के एक ग्रामीण इलाके में एक महिला समेत तीन बच्चों की लाश पेड़ से लटकी मिली। इसके बाद इस पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। जानकारी के मुताबिक मुंबई के नजदीक ठाणे जिले में एक महिला और उसके तीन बच्चे पिछले डेढ़ महीने से लापता थे। इस संबंध में पडघा पोलीस स्टेशन में मामला भी दर्ज कराया गया था। काफी ढूंढने के बाद भी महिला और बच्चों का कुछ भी पता नहीं चल सका था।

घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों शवों को पेड़ से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की जानकारी के मुताबिक महिला का देवर सुबह जंगल में लकड़ी काटने के लिए गया था तभी उसे पेड़ पर महिला और तीनों बच्चों की लाश लटकी दिखी। खबर है कि महिला और बच्चों की मौत की खबर सुनकर पति ने भी आत्महत्या करने की कोशिश की लेकिन समय रहते उसे बचा लिया गया। इसके बाद पति को भिवंडी के जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।