मुंबई: बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में निर्माणाधीन पुल का हिस्सा गिरा, हादसे में 13 मजदूर घायल; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में शुक्रवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स इलाके में एक निर्माणाधीन फ्लाईओवर का हिस्सा गिर गया। हादसे वाली जगह से 21 मजदूरों को निकाला गया। 13 मजदूरों को सांताक्रूज के वीएम देसाई अस्पताल में भर्ती किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा सुबह 4:40 बजे हुआ। फायरब्रिगेड के अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्‍थल का मुआयना किया जा रहा है, लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका को देखते हुए टीम मौके पर सर्च ऑपरेशन में लगी हुई है।

डीसीपी (जोन 8) मंजूनाथ सिंगे ने बताया, 'बीकेसी मेन रोड और सांताक्रूज-चेंबूर लिंक रोड को जोड़ने वाले निर्माणाधीन फ्लाईओवर का एक हिस्सा लगभग 4:30 बजे ढह गया। 13 लोगों को मामूली चोटें आई हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोई जनहानि नहीं हुई है और कोई व्यक्ति लापता नहीं है।'