उत्तरप्रदेश : पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की बिगड़ी तबियत, डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में हो रहा इलाज

लंबे समय से आंत में समस्या से जूझ रहे समाजवादी पार्टी संरक्षक व पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की गुरुवार रात तबियत बिगड़ गई जिसके चलते उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उनकी कोरोना जांच की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई हैं। डॉक्टरों द्वारा कड़ी निगरानी में इलाज किया जा रहा हैं।उनका अल्ट्रासाउंड, ब्लड टेस्ट और यूरिन टेस्ट किया गया है। पेट दर्द कम हुआ है और हालत स्थिर है।

मेदांता के डायरेक्टर डॉ. राकेश कपूर ने कहा कि सभी रिपोर्टों के मूल्यांकन के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। मालूम हो कि मुलायम सिंह माह भर पहले भी मेदांता में भर्ती हुए थे। उस वक्त उन्हें आंत में समस्या थी। हालांकि, इलाज के बाद उन्हें आराम मिल गया और उन्हें घर भेज दिया गया था।

गुरुवार शाम जब उन्हें अस्पताल लाया गया तो सबसे पहले कोविड 19 की जांच के लिए सैंपल लिया गया। उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई। मुलायम सिंह को डॉक्टरों की एक टीम की निगरानी में रखा गया है। दरअसल, उन्हें अक्सर स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें होती रहती हैं जिसके कारण डॉ. कपूर का कहना है कि उनके कई और टेस्ट किए गए हैं जिनकी रिपोर्ट आने पर उनका विश्लेषण किया जाएगा। स्वास्थ्य कारणों से मुलायम राजनीतिक रूप से भी सक्रिय नहीं हैं। अब वह यदा-कदा ही सार्वजनिक समारोहों में दिखते हैं। उनकी पहचान एक जमीनी नेता के तौर पर रही है। अभी कुछ दिनों पहले ही उनके बेहद करीबी मित्र अमर सिंह का निधन हुआ। जिस पर मुलायम ने एक बयान जारी कर शोक प्रकट किया। वह मीडिया के सामने नहीं आए। वह लखनऊ में रहते हैं और उनके घर पर हर रोज उनसे मिलने वालों का तांता लगा रहता है। उनके अस्पताल में भर्ती होने पर बड़ी संख्या में समर्थक उनका हालचाल लेने के लिए आते हैं।