IPL 2020 : CSK ने शेयर किया प्रैक्टिस का विडियो, महेंद्र सिंह धोनी पर रहेगी सभी की नजरें

इस बार इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) देश के बाहर UAE में कराया जा रहा हैं। आईपीएल-2020 का नया शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है। सभी टीम प्रैक्टिस में पसीना बहा रही हैं। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को कोरोना की मार झेलनी पड़ी थी लेकिन अब वे भी प्रैक्टिस में जुट चुके हैं। इसका एक विडियो चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने शेयर किया हैं जिसमें कप्तान महेंद्र सिंह धोनी मेहनत करते हुए नजर आ रहे हैं। इस बार सभी की नजरें धोनी पर रहेगी क्योंकि 15 अगस्त को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद उन्हें सिर्फ इसी लीग में खेलते हुए देखने को मिल सकता हैं।

लीग के 13वें सीजन का पहला मैच मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियंस और उप-विजेता रही चेन्नई सुपर किंग्स टीम के बीच 19 सितंबर को होगा। चेन्नै टीम के कैप्टन और दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी जमकर अभ्यास कर रहे हैं। मैदान पर प्रैक्टिस करते हुए धोनी का मजाकिया अंदाज भी दिख रहा है, जिसका एक वीडियो चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) टीम ने शेयर किया।

सीएसके ने धोनी समेत टीम के अन्य खिलाड़ियों की प्रैक्टिस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। वीडियो में धोनी के अलावा अनुभवी शेन वॉटसन, शार्दुल ठाकुर, रवींद्र जडेजा समेत अन्य कई खिलाड़ी प्रैक्टिस करते दिख रहे हैं। धोनी का एक वीडियो क्लिप इस वीडियो में लगाया गया है जिसमें वह मजाकिया अंदाज में कह रहे हैं- डीआरएस नहीं लेंगे, चिंता मत कर।