क्रूज रेव पार्टी में आर्यन खान के पकड़े जाने पर साध्वी प्रज्ञा ने शाहरुख पर किया तीखा हमला, कहा- इन लोगों ने की पाकिस्तान की सहायता

भोपाल सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर अक्सर अपने बयानों को लेकर हमेशा सुर्खियों में बनी रहती हैं। अब एक बार फिर वे चर्चा में आ गई जब उन्होंने क्रूज रेव पार्टी में आर्यन खान के पकड़े जाने पर शाहरुख पर तीखा हमला करते हुए ये वो लोग हैं, जिन्होंने सिर्फ बॉलीवुड का ग्लेमरस जीवन ही अपनाया है, लेकिन धरातल के जीवन से उनका कोई नाता नहीं होता। उन्होंने कहा, जिसका कोई लक्ष्य नहीं होता वह भटकता है। ये वो लोग हैं, जो अति महत्वकांक्षा बना लेते हैं और राह से भटक जाते हैं। धरातल पर जो जीवन होता है उसको ये लोग स्वीकार नहीं कर पाते, इसलिए इन्हें इन चीजों का सहारा लेना पड़ता है।

सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने पत्रकारों के प्रश्न के जवाब में कहा कि ये वो लोग हैं, जो बोलते हैं कि हम भारत में सुरक्षित नहीं हैं। इन लोगों ने हमेशा पाकिस्तान की सहायता की है। कभी भारत की मदद नहीं की। ये लोग कमाते यहां हैं और लगाते वहां हैं। ऐसे लोगों की असलियत सामने आ रही है। सत्य सामने आ चुका है। जल्द ही, बाकी बचा भी सामने आ जाएगा। यहां अब देश भक्तों की आवश्यकता है। वही यहां रहेंगे और वही यहां पनपेंगे।