MP News: छेड़खानी के शक में युवक के हाथ-पैर बांधकर सड़क पर घसीटा, बरसाए डंडे

मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के गुना में लड़की से छेड़छाड़ के शक में एक युवक से बेरहमी से पिटाई कर दी। लड़की के घर वालों ने सबसे पहले युवक के हाथ-पैर बांधकर सड़क पर घसीटा और फिर उसकी बेदम होने तक पिटाई की। भीड़ के बीच लड़की ने भी लाठियों से उस पर ताबड़तोड़ वार किए। यहां तक की महिलाओं ने भी उसे लाठियों से पीटा। इस दौरान युवक का बेटा और पत्नी उसे छोड़ने की मिन्नतें करते रहे। इस दौरान सड़क पर मौजूद कुछ लोग इस बर्बरता का वीडियो बनाते रहे।

मामला शहर के नानाखेड़ी इलाके का है। साहू और धाकड़ परिवार आमने-सामने रहते हैं। उनका एक वर्ष पहले भी किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। उस समय भी FIR हुई थी। शुक्रवार सुबह साहू परिवार ने अजय धाकड़ (30) पर आरोप लगाया कि वह उनके घर की बेटी के साथ छेड़खानी करता है। लड़की के परिवार वाले अजय के घर पहुंचे और उसे पकड़कर बाहर ले आए।

लड़की के घरवालों ने अजय के हाथ-पैर बांधकर सड़क पर काफी दूर तक घसीटा। इसके बाद उन लोगों ने लाठी-डंडों से अजय की पिटाई की। लड़की ने भी अजय के पैरों पर जमकर लाठियां बरसाईं। अजय की पत्नी और बेटा गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन लड़की के परिवार वाले नहीं माने। पिटाई से अजय गंभीर रूप से घायल हो गया। वह बेहोश हो गया। उसे बचाने के चक्कर में पत्नी भी घायल हो गई। आरोपियों के जाने के बाद अजय और उसकी पत्नी रीना धाकड़ को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में भी अजय बोल तक नहीं पा रहा था। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया है।