Tokyo Olympics 2020: विवेक और नीलकांता को 1-1 करोड़ रूपये देगी शिवराज सरकार

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने टोक्यो (Tokyo Olympics) में इतिहास रच दिया है। टीम ने ब्रॉन्ज मेडल के मुकाबले में जर्मनी को 5-4 से हराया। हॉकी टीम ने 1980 के बाद मेडल जीता। यह ओवरऑल ओलंपिक इतिहास में हाॅकी का हमारा 12वां मेडल है। इस जीत में मध्य प्रदेश के भी दो खिलाड़ियों विवेक सागर और नीलकांता शर्मा ने भी कमाल किया है। दोनों खिलाड़ियों को मध्य प्रदेश सरकार 1-1 करोड़ का इनाम देगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को मैच के बाद इसकी घोषणा की।

सीएम शिवराज ने ट्वीट किया- 'भारतीय पुरुष #Hockey टीम ने #Tokyo2020 में सर्वश्रेष्ठ टीमों को हराया है। इटारसी के लाल विवेक सागर टीम का हिस्सा हैं, नीलकांता शर्मा ने मध्य प्रदेश हॉकी एकेडमी से ट्रेनिंग ली है। इन दोनों खिलाड़ियों को एक-एक करोड़ रुपए की सम्मान निधि मध्य प्रदेश सरकार प्रदान करेगी।'

पंजाब खिलाड़ियों को भी मिलेंगे 1-1 करोड़ रुपए

पंजाब के खेल मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी ने भारतीय पुरुष हॉकी टीम के पंजाब प्लेयर्स को 1-1 करोड़ रुपए कैश अवॉर्ड देने का ऐलान किया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा, 'भारतीय हॉकी के इस एतिहासिक दिन पर मुझे ये ऐलान करते हुए खुशी हो रही है कि टीम के पंजाब प्लेयर्स को 1 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। हमे आपकी वापसी का इंतजार है ताकि आपकी इस जीत को सेलिब्रेट कर सकें।'