दिल्ली : गांव जाने की मामूली बहस को लेकर महिला ने दो बच्चों की हत्या कर की खुदखुशी

दिल्ली के शकूरपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जिसमें एक महिला ने अपने दो बच्चों की हत्या कर दी फिर खुद फंदे से झूलकर अपनी जान दे दी। खुदखुशी का कारण जान सभी हैरान हैं क्योंकि इसके पीछे की वजह गांव जाने की मामूली बहस बताई जा रही हैं। घटना गुरुवार देर रात प्रकाश में आई जब पति नौकरी से वापस लौटा। घटना की जानकारी पति ने पुलिस को दी और पड़ोसियों के सहारे दरवाजा तोड़कर घर के अंदर घुसा। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और जांच के बाद ही साफ हो सकेगा कि वारदात के पीछे की वजह क्या है। पुलिस ने तीनों शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 4 मार्च, गुरुवार को रात 10:39 बजे सुभाष प्लेस पुलिस स्टेशन को एक पीसीआर कॉल मिली। इसमें बताया गया कि शकूरपुर की रहने वाली एक 22 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। उसके साथ उसके दो बच्चे भी फंदे से झूलते पाए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने बताया कि जिस वक्त महिला ने वारदात को अंजाम दिया तब उसका पति नौकरी पर गया था। जब वह नौकरी से लौटकर आया तो उसे खिड़की से पत्नी और दोनों बच्चे फंदे से झूलते दिखे। यह देख जैसे उसके होश उड़ गए। हड़बड़ाहट में उसने पड़ोसियों की मदद से अंदर से बंद दरवाजे को तोड़ा।

पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला है कि गुरुवार की सुबह दफ्तर जाने से पहले पति-पत्नी में गांव जाने को लेकर बहस हुई थी। महिला एक मुंडन संस्कार में बिहार के मधुबनी स्थित अपने गांव जाना चाहती थी। दंपती की पांच साल पहले शादी हुई थी। पुलिस का मानना है कि इस बात से आहत होकर महिला ने आत्महत्या की होगी।