हरियाणा : अपने दो साल के मासूम बेटे को मार फांसी के फंदे पर झूल गई महिला, ससुराल वालों पर मामला दर्ज

हरियाणा के झज्जर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया हैं जहां अपने दो साल के मासूम बेटे को मार एक महिला फांसी के फंदे पर झूल गई। घटना बुधवार देर रात घटित हुई। दोनों को मृत हालत में परिजन झज्जर के सरकारी अस्पताल में ले गए। मृतका की पहचान सुमित्रा पत्नी मनीष के रूप में हुई है। मामले की सूचना सुमित्रा के मायके वालों को दी गई। जिन्होंने झज्जर आकर पुलिस को सुमित्रा के पति मनीष व सास और ससुर के खिलाफ शिकायत दी। पुलिस ने मृतका के मामा की शिकायत पर तीनों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें परिजनों को सौंप दिया है।

झज्जर के गांव पालड़ा में हुई इस वारदात से हर कोई हैरान है। गांव बिचौड़िया जिला महेन्द्रगढ़ की सुमित्रा की शादी करीब साढ़े 3 साल पहले गांव पालड़ा निवासी मनीष के साथ हुई थी। मनीष खेती करता था। लेकिन वह और सास-ससुर उसे दहेज के लिए सताते थे। सुमित्रा का दो साल का बेटा भी था। लेकिन घर में अकसर दहेज के कारण कलेश रहता था। इससे तंग आकर सुमित्रा ने अपने घर के एक कमरे में पहले अपने दो साल के बेटे को फांसी के फंदे पर लटका कर मार डाला। उसके बाद खुद भी फांसी के फंदे पर झूल गई। जब तक परिजनों को पता चलता, दोनों की मौत हो चुकी थी।