हरियाणा : मां और दो जवान बेटों ने एकसाथ खाया जहर, तीनों की मौत से इलाके में सनसनी

हरियाणा के हिसार में सोमवार सुबह एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जिसमें मां और दो जवान बेटों ने एकसाथ जहर खा लिया जिसमें तीनों की मौत हो गई। तीनों की मौत से इलाके में सनसनी मच गई। पुलिस ने मृतका के भाई के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है। ग्रामीणों के अनुसार जयपाल अपना मकान बेचना चाहता था। उसकी पत्नी व बच्चे इसके विरोध में थे। डाया निवासी सतबीर सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसकी 50 वर्षीय बहन कमलेश की शादी करीब 30 साल पहले सीसर निवासी जयपाल के साथ हुई थी। जिसके दो लड़के 26 वर्षीय प्रेम कुमार व 22 वर्षीय नवीन थे।

सतबीर का भांजा नवीन अक्सर बीमार रहता था। उसकी बीमारी के कारण घर के सभी सदस्य परेशान रहते थे। इसी परेशानी के चलते सोमवार को उसके भांजे प्रेम कुमार ने घर में रखीं जहर की गोलियां निगल लीं। उसके बाद उसकी बहन कमलेश, भांजे नवीन और प्रेम ने परेशानी के चलते जहर निगल लिया। पड़ोसी उन्हें इलाज के लिए हिसार ले गए। तीनों को जिंदल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्रेम व कमलेश को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। नवीन की हालत गंभीर होने पर उसे महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया। देर शाम नवीन ने भी दम तोड़ दिया।