बुजुर्गों के लिए सुरक्षित नहीं हैं दिल्ली! 19 मेट्रो शहरों में सबसे ज्यादा यहां दर्ज की गई आपराधिक घटनाएं

राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) ने 19 मेट्रो शहरों के अपराधों से जुड़ी एक रिपोर्ट जारी की जिसके अनुसार बुजुर्गों के साथ सर्वाधिक अपराधिक घटनाएं दिल्ली में दर्ज की गई हैं। राजधानी में पिछले साल 906 घटनाएं दर्ज की गई हैं। दिल्ली में हुई 906 वारदातों में से सात मामले हत्या के थे। दिल्ली ऐसा पहला शहर है जहां बुजुर्गों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं हुई हैं। बुजुर्गों के साथ चोरी और लूट की 405 वारदातें भी दर्ज की गई हैं।

एनसीआरबी के मुताबिक इस सूची में दिल्ली के बाद मुंबई दूसरे स्थान पर है। पिछले साल वहां 844 मामले दर्ज किए गए थे। इसके बाद अहमदाबाद 709, चेन्नई 721, बंगलुरु 210, हैदराबाद 170 जबकि जयपुर में 157 घटनाएं हुई थीं। गाजियाबाद, कानपुर और पटना में ऐसी एक भी वारदात दर्ज नहीं की गई है। हालांकि 2019 की तुलना में यह आंकड़ा कम है। उस दौरान ब़ुजुर्गों के साथ अपराध की 1076 वारदातें हुई थीं।