देश में मिले 45000 नए कोरोना मरीज, 465 की हुई मौत; केरल के बाद अब महाराष्ट्र में भी बढ़ने लगा संक्रमण

देश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। गुरुवार को 45,001 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। एक दिन में ठीक होने वालों की बात करें, तो गुरुवार को 40,897 संक्रमितों ने कोरोना को मात दी। 465 मरीजों की मौत हो गई।

गुरुवार को सबसे ज्यादा 22,040 मामले केरल में आए। यहां, 117 मौतें हुई है वहीं, महाराष्ट्र में नए केस में अचानक बढ़ोतरी देखी गई है। यहां 9,026 केस आए और 120 मौतें रिकॉर्ड की गई। इससे पहले 20 जुलाई को 9,389 मरीज मिले थे। इसके बाद इसमें गिरावट आती गई।

अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 3.18 करोड़
अब तक ठीक हुए: 3.10 करोड़
अब तक कुल मौतें: 4.26 लाख
एक्टिव मरीजों की कुल संख्या: 4.08 लाख

देश में लगे 49 करोड़ वैक्सीन डोज

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, अब तक देश में कुल 49 करोड़ वैक्सीन डोज लगाए जा चुके हैं। गुरुवार को 50.29 लाख वैक्सीन डोज लगाए गए। देश में वैक्सीन ड्राइव के तीसरे चरण के दौरान 18 से 44 साल के 16.92 लोगों को पहला डोज और 1.07 करोड़ लोगों को दूसरा डोज लगाया जा चुका है।

केरल में मिले 22 हजार मरीज

केरल में गुरुवार को 22,040 लोग संक्रमित पाए गए। 19,478 लोग ठीक हुए और 117 लोगों की मौत हो गई। यहां अब तक 34.93 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 32.97 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 17,328 लोगों की मौत हुई है। फिलहाल 1.77 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।

महाराष्ट्र में बढ़े मरीज

महाराष्ट्र में गुरुवार को 9,026 लोग संक्रमित पाए गए। 6,718 लोग ठीक हुए और 120 लोगों की मौत हो गई। यहां अब तक 63.36 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 61.24 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.33 लाख लोगों की मौत हुई है। फिलहाल 74,995 मरीजों का इलाज चल रहा है।