देश में लगातार तीसरे दिन मिले 40,000 से ज्यादा कोरोना मरीज, 514 लोगों की मौत

देश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार लगातार बढ़ रही है। बीते 24 घंटे में 46,798 नए संक्रमितों की पहचान हुई है। यह लगातार तीसरा दिन है, जब 40,000 से ज्यादा नए केस सामने आए हैं। 22 अगस्त को सिर्फ 25 हजार केस मिले थे। शुक्रवार को 31,204 कोरोना मरीज ठीक भी हुए और 514 लोगों की मौत हुई। इस तरह इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 15,031 का उछाल आया है। अब 3.53 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है। इससे पहले गुरुवार को 44,550 और बुधवार को 46,280 केस आए थे।

केरल ने बढ़ाई चिंता

देश में सबसे ज्यादा केस केरल में आ रहे हैं। यहां बीते तीन दिन से 30 हजार से ज्यादा संक्रमित मिल रहे हैं। शुक्रवार को भी इस राज्य में 32,801 केस मिले। गुरुवार को यह संख्या 30,077 और बुधवार को 31,445 थी। 18,573 मरीज ठीक हुए और 179 लोगों की मौत हो गई। यहां अब तक 39.46 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 37.30 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 20,313 लोगों की मौत हुई है। फिलहाल 1.95 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में...

अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 3.26 करोड़
अब तक ठीक हुए: 3.18 करोड़
अब तक कुल मौतें: 4.37 लाख
अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 3.53 लाख