देश में 6 जुलाई से खुलेंगे सभी स्मारक, रखना होगा सुरक्षा का पूरा ध्यान

देश में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच अब छह जुलाई से सभी स्मारक खोले जाएंगे।संस्कृति मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल (Prahalad Singh Patel) ने ट्वीट किया कि उन्होंने एएसआई के साथ फैसला लिया है कि देश में सभी स्मारक पूरी सुरक्षा के साथ 6 जुलाई से खोले जाएंगे। पटेल ने इस संबंध में अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट भी किया।

प्रहलाद सिंह पटेल ने अपने इस ट्वीट में मध्य प्रदेश के रायसेन में सम्राट अशोक द्वारा बनवाए गए सांची के स्तूप, दिल्ली में स्थित शेरशाह सूरी द्वारा बनवाए गए पुराना किला और मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित विश्व धरोहर खजुराहो की तस्वीर शेयर कर लिखा-'सांची (मध्यप्रदेश), पुराना किला (दिल्ली), खजुराहो (विश्व धरोहर) के प्रतीकात्मक चित्र। मैंने भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय, एएसआई के साथ निर्णय लिया है कि आगामी 6 जुलाई से सभी स्मारकों को पूर्णसुरक्षा के साथ खोला जा सकता है।' पटेल ने इस ट्वीट में पीएमओ, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, अतुल्य भारत, पर्यटन मंत्रालय, संस्कृति मंत्रालय और बीजेपी मध्य प्रदेश को टैग किया है।

केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय ने कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए 16 मार्च की रात देशभर के सभी स्मारकों को बंद करने का आदेश दिया था। 17 मार्च की सुबह से देश के सभी स्मारकों पर ताला लग गया। जून में अनलॉक-1 के दौरान संस्कृति मंत्रालय ने एएसआई के रखरखाव वाले 3,000 से अधिक स्मारकों में से 820 को फिर खोल दिया था जहां धार्मिक समारोह होते हैं।

बता दें, यह स्मारकों की सबसे लंबी तालाबंदी है। इससे पूर्व ताजमहल वर्ष 1971 में भारत-पाक युद्ध के चलते चार से 18 दिसंबर तक और सितंबर, 1978 में यमुना में बाढ़ के चलते सात दिन बंद रहा था। ताजमहल, जरूर लॉकडाउन और अनलॉक-1 से पूर्व बंद रहा हो, लेकिन अन्य स्मारक पहली बार बंद हुए हैं। पर्यटन उद्योग के लिए मौजूदा दिन किसी बुरे सपने की तरह बीत रहे हैं। कोरोना वायरस के चलते एहतियातन स्मारकों पर लगाए गए ताले अनलॉक-1 में भी नहीं खुल पाए जिन्हें अब अनलॉक-2 में खोलने का निर्देश दिया गया है।