इसी सप्ताह हिमाचल से विदा होगा मानसून, प्रदेश में सामान्य से 10 फीसदी कम रिकॉर्ड हुई बारिश

मानसून की विदाई का समय नजदीक आने लगा हैं। देश के कई हिस्सों में यह दिखने भी लगा हैं। बात करें हिमाचल प्रदेश की तो यहां अबतक सामान्य से 10 फीसदी बारिश कम रिकॉर्ड हुई हैं और बताया जा रहा हैं कि हिमाचल प्रदेश से इसी सप्ताह मानसून विदा हो जाएगा। 17 सितंबर तक मानसून के विदा होने की संभावना थी, लेकिन मानसून सीजन इस वर्ष प्रदेश में अधिक दिनों तक रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि तीन से चार दिनों में मानसून के विदा होने का पूर्वानुमान है। 10 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। धूप खिलने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज होने की संभावना है।

बुधवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। ऊना में अधिकतम तापमान 34.2, बिलासपुर में 33.5, हमीरपुर में 32.5, सुंदरनगर में 31.8, भुंतर में 30.6, कांगड़ा में 30.3, चंबा में 29.8, सोलन में 29.0, नाहन में 28.1, धर्मशाला में 27.6, शिमला में 23.6, कल्पा में 21.5, केलांग में 21.2 और डलहौजी में 19.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मानसून सीजन के दौरान इस वर्ष सामान्य से 10 फीसदी कम बारिश प्रदेश में रिकॉर्ड हुई है।