उत्तरप्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा पर उठे बड़े सवाल, तमंचे की नोक पर महिला से दुष्कर्म

बीते कुछ दिनों में उत्तरप्रदेश लगातार महिलाओं के साथ होने वाली दुष्कर्म की घटनाओं को लेकर सुर्ख़ियों में बना हुआ हैं। इन मामलों से उत्तरप्रदेश सरकार और पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए हैं। ऐसा ही एक महिला से दुष्कर्म का मामला औरैया जिले के बिधूना कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से सामने आया हैं जिसमें रात में शौच के लिए खेत पर गई महिला के साथ गांव के ही एक युवक ने तमंचे के बल पर दुष्कर्म किया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उसका पति दिल्ली में रहकर मजदूरी करता है। रात में लगभग आठ बजे वह घर के पास बाजरे के खेत में शौच के लिए गई थी। तभी गांव के सिंटू पुत्र किशन चंद्र ने तमंचे के बल पर दुष्कर्म किया। उधर, इस संबंध में कोतवाली निरीक्षक राजकुमार सिंह राठौर ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं।