मोहाली : पार हुई दरिंदगी की हद, पांचवीं की छात्रा के साथ चार लोगों ने किया सामूहिक दुष्कर्म

पंजाब के मोहाली में दरिंदगी से जुड़ा एक मामला सामने आया जिसमें निजी स्कूल में पांचवीं कक्षा में पढ़ती छात्रा से चार लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। इस मामले में लड़की की मां ने पुलिस को शिकायत देते हुए चार लोगों पर सामूहिक दुष्कर्म व जान से मारने की धमकी देने समेत कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को पकड़ लिया है। आरोपियों की पहचान सेक्टर 52 निवासी शाहरुख, विजय, मखन अमृतसर और मोहाली निवासी एक लड़की के रूप में हुई है। अदालत ने आरोपियों को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

लड़की की मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि उसकी बेटी की दोस्ती एक लड़की से थी। उसी लड़की ने उसकी आरोपियों से मुलाकात करवाई थी। इसके बाद उसकी बेटी लगातार घर लेट आने लगी। आठ मार्च को जब बेटी घर लेट आई, तो उसके साथ उक्त युवक भी खड़े थे। उसने बेटी से लेट आने का कारण पूछा तो युवकों ने उससे गाली गलौच की।

अगली सुबह वह उठी तो लड़की घर से गायब थी। अगले पूरे दिन लड़की नहीं आई। रात को लड़की घर पहुंची। इस दौरान उसने बताया कि लड़की ने उसकी दोस्ती विजय से करवाई थी। उसने कहा था कि उसके पास बहुत पैसे हैं, ऐसे में वह उससे जेब खर्च के लिए पैसे ले लिया करे। इसके बाद उसे अपने घर बुलाया, जहां आरोपी विजय ने उससे दुष्कर्म किया। इसके बाद मखन ने रेप किया।