हरियाणा : शिक्षक ही बना भक्षक, कुश्ती सीखने आई किशोरी के साथ कोच ने किया दुष्कर्म

हरियाणा के जींद जिले में दुष्कर्म का एक मामला सामने आया जिसमें एक शिक्षक ही भक्षक बन गया और कुश्ती सीखने आई 14 साल की किशोरी से उसके कोच ने ही ज्यादती की। महिला थाना पुलिस ने किशोरी के पिता की शिकायत पर कोच के खिलाफ केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है। किशोरी का मेडिकल करवाने के बाद पुलिस ने मजिस्ट्रेट के सामने उसके बयान दर्ज करवाए हैं। जांच अधिकारी डीएसपी जितेंद्र खटकड़ ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है। आरोपी कोच को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित किशोरी के पिता ने बताया कि उनकी बेटी गांव के ही स्कूल में कुश्ती का अभ्यास करती है। शनिवार को अभ्यास करवाने वाले गांव के ही कोच ने उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया। किसी से बताने पर कोच ने उसकी बेटी को जान से मारने की धमकी भी दी। किशोरी ने घर पहुंचकर अपने साथ हुई ज्यादती के बारे में बताया।