मथुरा: नया प्रयोग कर सकती है कांग्रेस, जाट कार्ड खेलेगी, हेमा मालिनी के खिलाफ विजेन्द्र सिंह

मथुरा। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी इस बार के लोकसभा चुनाव में कुछ नया प्रयोग करने की तैयारी में है। माना जा रहा है कि कांग्रेस मथुरा लोकसभा सीट से बॉक्सर विजेंदर सिंह को अपना उम्मीदवार बना सकती है। भाजपा की हेमा मालिनी अभी मथुरा सीट से सांसद हैं।

राजनीतिक गलियारों में बहती हवाओं का कहना है कि मथुरा सीट से भाजपा उम्मीदवार हेमा मालिनी इस बार कमजोर नजर आ रही हैं। कांग्रेस को उम्मीद है कि इस बार यह सीट कांग्रेस जीत सकती है, लेकिन इसके जरूरी है कि किसी ऐसे नए चेहरे को उतारने की जो राजनीति में पेशेवर न हो। ऐसे में वो जाट समुदाय पर अपना दाव लगाना चाहती है।


सूत्रों की मानें तो कांग्रेस पार्टी मथुरा लोकसभा सीट से बॉक्सर विजेंदर सिंह को चुनाव लड़वा सकती है। हालांकि अभी विजेंद्र सिंह के नाम पर कांग्रेस पार्टी में मंथन जारी है। हालांकि मथुरा सीट पर कुछ और नाम भी रेस में बताए जा रहे हैं। लेकिन विजेंद्र सिंह का नाम सबसे आगे चल रहा है। बता दें कि कांग्रेस पार्टी ने बीते 28 मार्च को यूपी के उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी की थी। तब कांग्रेस ने गाजियाबाद से डॉली शर्मा को कैंडिडेट बनाया था।



कांग्रेस पार्टी मथुरा लोकसभा सीट से बॉक्सर विजेंदर सिंह को चुनाव लड़ा करके पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जाट कार्ड खेल सकती है। अगले एक से दो दिन में पार्टी कैंडिडेट के नाम का ऐलान कर सकती है। यूपी के मथुरा लोकसभा सीट पर दूसरे चरण में यानी 26 अप्रैल को मतदान होगा। जबकि चुनाव के नतीजे 4 जून को आएंगे।