अभिनेता से सांसद बने मनोज तिवारी निभाएंगे सरयू किनारे आयोजित होने वाले रामलीला में अंगद की भूमिका

पिछले साल की तरह ही इस साल भी श्रीराम की अयोध्या नगरी में सरयू किनारे रामलीला का आयोजन किया जाएगा। उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी भी इस रामलीला का हिस्सा होंगे और वे अंगद के किरदार में नजर आएंगे। तिवारी ने अंगद की भूमिका पर कहा कि रावण के साथ संवाद और उनकी वाकपटुता का मंचन बेहद ही मन मोहने वाला होगा। इसी के साथ तिवारी ने बताया कि इस बार रामलीला का प्रदर्शन कुछ दूसरे अंदाज में किया जाएगा। इसके लिए शोध भी किया जा रहा है। तिवारी ने बताया कि रामायण के रचयिता के बारे में गलत अवधारणा बनी हुई है, जिसे शोध के आधार पर वास्तविकता से लोगों को अवगत किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि, कहा जाता है कि महर्षि वाल्मीकि जी डाकू थे, जो गलत अवधारणा है। मंचन के दौरान लोगों को बताया जाएगा कि जिस भगवान वाल्मीकि को सीधे ब्रह्मा जी का सानिध्य व साक्षात दर्शन हुए थे वह डाकू कैसे हो सकते हैं। यह भी गलत अवधारणा है कि महर्षि परशुराम ने क्षत्रियों का संहार किया था। वास्तविकता यह है कि वह जनक जी के दरबार में थे। परशुराम ने क्षत्रियों का नाश जरूर किया था, लेकिन वे राजा थे जो सदाचारी नहीं थे। इन सब पर शोध भी किया गया है और इस अंदाज में गलत अवधारणाओं का खंडन किया जाएगा।