नार्वे की सड़कों पर सिरफिरे ने तीर-कमान से किया हमला, 5 की मौत; 2 घायल

नॉर्वे के कोंग्सबर्ग शहर में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात एक व्यक्ति ने तीर-कमान से हमला कर पांच लोगों की हत्या कर दी। वहीं, दो अन्य घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है, हालांकि उसके या मारे जाने वालों के बारे में फिलहाल, कोई जानकारी नहीं दी गई है। कोंग्सबर्ग के टाउन सेंटर में कई स्थानों पर हुए हमले का मकसद अज्ञात है, लेकिन पुलिस ने आतंकी घटना होने से इनकार नहीं किया है। पुलिस ने संदिग्ध की पहचान कोंग्सबर्ग में रहने वाले एक 37 वर्षीय डेनिश नागरिक के रूप में की है।

‘द मिरर’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावर ने कूप एक्स्ट्रा सुपरमार्केट में घुसकर लोगों पर हमला किया। बाद में छापेमारी के दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया गया। नॉर्वे को काफी शांत देश माना जाता है और यहां अमूमन इस तरह के हमले नहीं होते।

कोंग्सबर्ग के पुलिस चीफ ओविंड आस ने कहा- हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे ज्यादा जानकारी फिलहाल नहीं दी जा सकती। आरोपी ने सभी हमलों को अकेले ही अंजाम दिया। कुछ लोग मारे गए हैं और कई घायल हुए हैं, लेकिन इनके बारे में अभी जानकारी नहीं दी जा सकती।

शहर के बीच में मौजूद था हमलावर

आस के मुताबिक, हमलावर ने सबसे पहले शहर के एक व्यस्त चौराहे पर मौजूद लोगों को निशाना बनाया। इसके बाद वो पास के इलाकों की तरफ भाग गया। पुलिस ने उसका पीछा किया। आरोपी का पीछा करने के लिए पुलिस ने हेलिकॉप्टर और बम स्क्वॉड को भी तैनात किया था। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि हमलावर को घटनास्थल से 25 किलोमीटर दूर ड्रेमन इलाके से गिरफ्तार किया गया। जस्टिस मिनिस्टर मोनिका मिलैंड को घटना की जानकारी दी गई है।