पंजाब : दिव्यांग महिला पर साथ काम करने वाले श्रमिक ने फेंका तेज़ाब, आरोपी गिरफ्तार

पंजाब के जालंधर में सोमवार सुबह एक ऐसी घटना सामने आई जिसके सभी को झकझोर दिया। घटना फोकल प्वाइंट की है जहां एक दिव्यांग महिला पर फैक्ट्री में साथ काम करने वाले श्रमिक ने तेज़ाब फेंक दिया। वारदात मामूली कहासुनी के बाद हुई तो काम करने वाले व्यक्ति ने तेजाब की बोतल महिला के सिर पर डाल दी। तेजाब को फैक्टरी में ही इस्तेमाल किया जा रहा था। महिला को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल तेजाब फेंकने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

सोमवार को पीड़िता के साथ सोहन लाल की किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। जिसके बाद आरोपी सोहन लाल ने महिला के मुंह पर तेजाब फेंक दिया। फैक्टरी में काम करने वाले दूसरे कर्मचारी भड़क गए। उन्होंने सोहन लाल को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई की। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पीड़ित महिला मूलरूप से उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले की रहने वाली है। कुछ वर्ष पहले फैक्टरी में काम करते समय उसका एक पैर आंशिक रूप से खराब हो गया था। महिला की बहू ने बताया कि आरोपी सोहन लाल करीब पांच वर्षों से सास का परिचित है। वह अक्सर उनके घर आता-जाता रहता था और साथ बैठकर खाते-पीते भी थे। दोनों नट बोल्ट बनाने वाली फैक्टरी में काम करते थे।