हिमाचल : पिता की ओर से खरीदी गई बंदूक को लेकर दो भाइयों में बहस, छोटे ने बड़े पर गोली चला की हत्या

हिमाचल के गगल थाने के तहत केटलू (अंबाड़ी) गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया जहां दो भाइयों के बीच पिता की ओर से खरीदी गई बंदूक को लेकर बहस हो गई। यह वारदात मंगलवार रात को हुई। इस विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई पर गोली चला दी जिससे उनकी मौत हो गई। इस घटना में मृतक की पत्नी भी घायल हुई हैं। घायलावस्था में दोनों को टांडा मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां डॉक्टरों ने रूमी को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल महिला को भर्ती कर लिया गया। महिला की हालत अभी स्थिर है। उधर, थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। वीरवार को उसे कांगड़ा के न्यायालय में पेश किया जाएगा।

पवन कुमार चौधरी (45) पुत्र पाला राम निवासी केटलू ने अपने बड़े भाई रूमी कुमार (58) की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना में भाभी पुष्पा देवी भी छर्रे लगने से घायल हो गईं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गगल पुलिस थाना प्रभारी मेहर दीन ने बताया दोनों भाइयों में अकसर झगड़ा होता रहता था। मंगलवार रात को भी आरोपी पवन कुमार अपने भाई रूमी के घर आया और किसी बात पर गालीगलौज करने लगा।

दोनों में पिता की ओर से खरीदी गई बंदूक को लेकर बहस हो गई। पिता की मृत्यु के बाद बंदूक रूमी कुमार के नाम पर है। आरोपी ने कहा कि पिता की बंदूक पर उसका भी हक है। काफी बहस के बाद वह उनके घर में चला गया। थोड़ी देर बाद चुपके से बंदूक ले गया। रात को जब उसका भाई रूमी और उसकी पत्नी पुष्पा बाहर आंगन में खड़े थे। इस बीच आरोपी पवन कुमार ने आंगन में खड़े होकर भाई पर गोली चला दी।