हिमाचल : घरेलू कहासुनी में युवक ने चला डाली मां और पत्नी पर गोली, अस्पताल जाते समय मां ने तोड़ा दम

कई बार देखा जाता हैं कि लोग अपने गुस्से में आपां खो बैठते हैं और कुछ ऐसे काम कर बैठते हैं जो सोच से परे हो। ऐसा ही कुछ देखने को मिला औद्योगिक शहर परवाणू के साथ लगते नरयाल गांव में जहां घरेलू कहासुनी में युवक ने मां और पत्नी पर गोली चला डाली। इसमें कुछ छर्रे लगने से मां गंभीर घायल हो गई, जबकि पत्नी बाल-बाल बच गई। गंभीर रूप से घायल महिला ने 108 एंबुलेंस में ईएसआई अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। थाना प्रभारी परवाणू दयाराम ने बताया कि पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए सोलन अस्पताल भेजा है। पुलिस के बड़े अधिकारियों ने भी मौके का मुआयना किया। मामले में कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार श्याम सिंह निवासी गांव नरयाल, डाकघर टकसाल, तहसील कसौली जिला सोलन ने मामला दर्ज करवाया है कि बीते रात सभी घर पर थे। रात करीब 9 बजे रसोई में उनकी पत्नी निर्मला देवी, बहू तारा देवी और बेटा हरीश कुमार किसी बात को लेकर बहस कर रहे थे। इस बीच, वह भी रसोई में पहुंचे और उनसे बहस करने का कारण पूछा। इतने में उनका बेटा हरीश कुमार लाइसेंसी बंदूक लेकर आया और उनकी पत्नी निर्मला देवी पर गोली चला दी। गोली महिला की छाती के दाहिने और ऊपरी हिस्से में लगकर कंधे से निकल गई। ठोडी के निचले हिस्से में भी छर्रे लगने से जख्म हुआ। गंभीर घायल महिला को 108 एंबुलेंस से अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। मृतका के पति ने पुलिस में मामला दर्ज करवाया है।