हरियाणा : जमीन विवाद में चाचा ने ही गोली मारकर दी भतीजे को मौत, मौके से फरार आरोपी

कई बार पारिवारिक विवाद बढ़ते हुए परेशानी बन जाता हैं जिसका एक नजारा देखने को मिला हरियाणा के झज्जर में जहां जमीन विवाद में सगे चाचा ने ही अपने भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना यादव कालोनी की है। मृतक की पहचान जतिन के रूप में हुई है। जतिन को तीन गोलियां लगी हैं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। शहर पुलिस थाना प्रभारी नर सिंह ने कहा कि शनिवार को पुलिस ने मृतक जतिन के शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। उधर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।

पुलिस के अनुसार झज्जर की यादव कालोनी में रहने वाले राज सिंह का अपने ही भतीजे जतिन के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार देर रात दोनों के बीच फिर झगड़ा हो गया था। विवाद इस कदर बढ़ा कि राज सिंह ने अपने भतीजे जतिन पर अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से कई फायर किए। घटना की सूचना जैसे ही पुलिस को मिली तो पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने जतिन को तीन गोलियां लगने की बात कही है। बताया जाता है कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी राज सिंह मौके से फरार हो गया।