पंजाब : मामूली विवाद में चाचा ने फावड़े से कर डाला भतीजे के सिर पर हमला, हुई मौत

आजकल देखा जाने लगा हैं कि मामूली विवाद बढ़कर कब खूनी जंग हो जाए कहा नहीं जा सकता हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया पंजाब के मोहाली में न्यू चंडीगढ़ में मुल्लांपुर थाने के अधीन आने वाले गांव फिरोजपुर बांगर में जहां एक विवाद में चाचा को गुस्सा आया तो उसने अपने भतीजे के सिर पर फावड़े से हमला कर दिया और उसकी जान ले ली। पुलिस ने इस मामले में मृतक के साठ वर्षीय चाचा सुरजीत सिंह पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।

मृतक की पहचान रणधीर सिंह के रूप में हुई है। वह पीआरटीसी में बतौर ड्राइवर अनुबंध पर नौकरी करता था। मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि बुधवार को रणधीर सिंह अपने घर में बैठकर शराब पी रहा था। इसके बाद वह कमरे से निकलकर अपने परिवार के पास आ गया। इसी दौरान उसका अपने चाचा सुरजीत सिंह से किसी बात पर विवाद हो गया। दोनों झगड़ने लगे। इसके बाद सुरजीत सिंह ने गोबर हटाने के लिए प्रयोग होने वाले फावड़े से रणधीर के सिर पर हमला कर दिया। उसके सिर से खून बहने लगा।

परिजनों ने तुरंत अपने पड़ोसियों को बुलाया और रणधीर को चंडीगढ़ पीजीआई ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। परिजनों के अनुसार, रणधीर शराब पीने का आदी था और अक्सर शराब पीने के बाद लड़ाई झगड़ा करता रहता था। अब पुलिस ने आरोपी सुजीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।