उत्तरप्रदेश : सामने आई दिल दहला देने वाली घटना, पहले हंसिए से पत्नी का काटा गला फिर खुद फंदे पर झूला

शुक्रवार देर रात उत्तरप्रदेश के सीतापुर जिले के थाना मछरेहटा इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई जहां एक विवाद में पति ने पहले हंसिए से पत्नी का गला काटकर हत्या कर दी और फिर खुद फंदे पर झूल गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में घटना की वजह आपसी विवाद बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की तह तक जाने के लिए घटना के सभी पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है। सीओ मिश्रिख महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि फिलहाल अभी पुख्ता तौर पर कुछ भी नहीं कह सकते हैं। मामले में जांच करने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।

थाना मछरेहटा इलाके के कैमा निवासी महेंद्र (27) का पत्नी पम्मी (25) से शुक्रवार की रात किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। परिजनों के मुताबिक वादविवाद बढ़ने पर युवक के सिर पर खून सवार हो गया और उसने हंसिया से पत्नी की गला काट दिया, इससे विवाहिता की मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी की हत्या के बाद युवक ने कमरे में जाकर खुद भी फांसी लगा ली। इससे उसकी भी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव के लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर सीओ मिश्रिख महेंद्र प्रताप सिंह, एसओ मछरेहटा मौके पर पहुंचे। जांच पड़ताल करने के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।